सीएचओ एवं एएनएम का प्रशिक्षण आयोजित
सीएचओ एवं एएनएम का प्रशिक्षण आयोजित
-----
#श्योपुर-/ नीति आयोग, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के क्रम में कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद के निर्देशन में विकासखंड कराहल में स्वास्थ्य विभाग की सीएचओ एवं एएनएम का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, स्वास्थ्य संकेतकों में प्रगति एवं समुदाय स्तर तक प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच सुनिश्चित करना रहा।
जनपद पंचायत कराहल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीईओ जनपद श्री राकेश शर्मा, मेडिकल कॉलेज से डॉ अंजना निरंजन, आकांक्षी विकासखंड फेलो सुश्री दीपांशी जादौन एवं ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर सुश्री वैशाली आदि उपस्थित रहें।
जनपद सीईओ श्री राकेश शर्मा द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्य एवं स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सीएचओ एवं एएनएम जमीनी स्तर पर शासन की योजनाओं को समुदाय तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ों की सही एवं समय पर फीडिंग के महत्व को बताते हुए कहा कि सटीक डेटा ही योजनाओं की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है तथा बेहतर योजना निर्माण एवं मॉनिटरिंग में सहायक होता है।
डॉ. अंजना निरंजन द्वारा आकांक्षी विकासखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े 7 प्रमुख संकेतकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि सैचुरेशन अप्रोच, नियमित मॉनिटरिंग एवं समुदाय की सहभागिता के माध्यम से स्वास्थ्य संकेतकों में प्रभावी सुधार लाया जा सकता है। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव एवं एनीमिया नियंत्रण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
प्रशिक्षण के दौरान सीएचओ एवं एएनएम द्वारा समूह गतिविधि एवं प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिसमें उन्होंने फील्ड एवं समुदाय स्तर पर आने वाली चुनौतियों को साझा किया।
आकांक्षी विकासखंड फेलो सुश्री दीपांशी जादौन ने बताया कि विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं अन्य मूलभूत सेवाओं में तीव्र सुधार करना है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur