logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

UAE ने ईरान पर किया गुप्त हमला? युद्ध में खाड़ी देश की एंट्री का बड़ा खुलासा

अमेरिकी अखबार Wall Street Journal की रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है कि पिछले महीने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ईरान पर गुप्त हमले किए थे। रिपोर्ट के मुताबिक UAE ने ईरान के लावन द्वीप स्थित तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया था, जिसकी जानकारी अब सामने आई है।

बताया जा रहा है कि ये हमले उसी समय हुए जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप युद्धविराम की घोषणा कर रहे थे। रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिका ने चुपचाप UAE और अन्य खाड़ी देशों के इस कदम का समर्थन भी किया।

हालांकि UAE की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है और इन हमलों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो सकी है।

ईरानी सरकारी मीडिया IRIB ने 8 अप्रैल की सुबह बताया था कि लावन द्वीप के तेल प्रतिष्ठानों पर कायराना हमला किया गया। इसके कुछ घंटों बाद ईरान ने UAE और कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू कर दिए।

UAE ने दावा किया कि युद्धविराम लागू होने के तुरंत बाद उस पर 17 मिसाइलों और 35 ड्रोन से हमला किया गया। वहीं कुवैत की सेना ने भी बिजली संयंत्रों, समुद्री जल शुद्धिकरण केंद्रों और तेल सुविधाओं पर हमलों की पुष्टि की थी।

लावन रिफाइनरी ईरान की प्रमुख तेल रिफाइनरियों में शामिल है। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) के अनुसार, यह प्रतिदिन करीब 60,000 बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस करने की क्षमता रखती है।

इस खुलासे के बाद मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है।

7
3476 views

Comment