रहस्यमयी मौत पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा: प्रतीक यादव के शरीर पर मिले चोट के निशान, मौत की वजह बनी पल्मोनरी एंबॉलिज्म
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
ब्यूरो चीफ: संदीप शास्त्री
लखनऊ । समाजवादी परिवार से जुड़े प्रतीक यादव की मौत मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद कई अहम तथ्य उजागर हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार प्रतीक यादव के शरीर पर कुल छह चोटों के निशान मिले हैं, हालांकि डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि इनमें से कोई भी चोट जानलेवा नहीं थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक पांच चोटें दाहिने हाथ में कोहनी से कलाई तक पाई गईं, जबकि एक चोट छाती के दाहिने हिस्से और एक चोट बाईं कलाई पर मिली। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ये चोटें गिरने या किसी हादसे के दौरान लगी हो सकती हैं।
डॉक्टरों के अनुसार प्रतीक यादव की मौत का मुख्य कारण पल्मोनरी एंबॉलिज्म (Pulmonary Embolism) रहा। यह एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति होती है, जिसमें शरीर में बना खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) नसों के जरिए फेफड़ों की धमनियों में जाकर फंस जाता है। इससे फेफड़ों में रक्त प्रवाह और ऑक्सीजन की आपूर्ति अचानक बाधित हो जाती है।
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक प्रतीक यादव के शरीर में बड़ा ब्लड क्लॉट मिला था। डॉक्टरों का कहना है कि क्लॉट फेफड़ों तक पहुंचने के बाद अचानक सांस रुकने की स्थिति बनी और कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई। ऑक्सीजन सप्लाई रुकने से दिल के दाहिने हिस्से पर अत्यधिक दबाव पड़ा, जिससे हार्ट फेलियर की स्थिति उत्पन्न हुई।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं।