बिजली उपभोक्ता 14 में से शुरू होने वाले संपर्क अभियान शिविरों में शामिल होकर लाभ उठाएं - प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग
बिजली उपभोक्ता 14 मई से शुरू होने वाले संपर्क अभियान शिविरों में शामिल होकर लाभ उठाएं - प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान एवं बिजली सेवाएं उनके परिसर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में 14 मई से संपर्क अभियान 2026 प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस 12 माह तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जाए तथा त्रुटिपूर्ण बिल, मीटर रीडिंग एवं अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
यह बात प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने बुधवार को मुरैना जिले में विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु मुरैना वृत्त कार्यालय में आयोजित बैठक में कही। बैठक में मुख्य महाप्रबंधक (ग्वालियर क्षेत्र) विनोद कटारे, महाप्रबंधक मुरैना वृत्त सुरेश कुमार सहित सभी उपमहाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा कि संपर्क अभियान 2026 के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें त्वरित सेवाएं एवं समाधान उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उपभोक्ता संतुष्टि में वृद्धि हो तथा कंपनी का कार्य अधिक उपभोक्ता-उन्मुख बन सके। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान प्रारंभ होने से पूर्व घर-घर जाकर शत-प्रतिशत सर्वे किया जाए तथा प्राप्त शिकायतों का शिविर आयोजित होने से पहले ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं की मांग पर मात्र 5 रुपये में नवीन ग्रामीण घरेलू एवं कृषि पम्प कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवायसी, अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी), बंद अथवा खराब मीटर बदलना, स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निराकरण, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज समस्या एवं ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायतों का समाधान किया जाए। साथ ही बिजली बिलों का आंशिक एवं पूर्ण भुगतान, अग्रिम भुगतान पर छूट, बकाया राशि भुगतान, समाधान योजना तथा अन्य जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी शिविरों में प्रदान किए जाएं।
प्रबंध संचालक ने कहा कि संपर्क अभियान 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु नगर पंचायतों, नगरीय निकायों, पार्षदों, सरपंचों, पुलिस प्रशासन एवं राजस्व विभाग का सहयोग लिया जाए। उन्होंने शिविरों में उपभोक्ताओं की सभी बिलिंग एवं अन्य शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपील
प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 14 मई से प्रारंभ होने वाले इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी शिकायतों का निराकरण कराएं तथा कंपनी की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाएं। बिजली उपभोक्ता संपर्क अभियान 2026 संबंधी अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली वितरण केन्द्र/जोन अथवा कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रबंध संचालक ने निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए तथा बिजली व्यवस्था को बेहतर एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए मैदानी क्षेत्रों में वितरण ट्रांसफार्मरों की रिकंडीशनिंग एवं लोड बैलेंसिंग की जाए। उन्होंने कहा कि 33/22 के.व्ही. सबस्टेशनों एवं 33/11 के.व्ही. लाइनों का प्रभावी रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि ट्रिपिंग से होने वाले विद्युत व्यवधानों को रोका जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का समय-सीमा में उपभोक्ता संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए सघन अभियान चलाया जाए तथा इन्फॉर्मर स्कीम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। सकल तकनीकी एवं वाणिज्यिक हानियों को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाते हुए प्रति यूनिट नगद राजस्व वसूली, बिलिंग दक्षता एवं कलेक्शन में वृद्धि कर राजस्व संग्रहण बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
-
#Morena #JansamparkMP