आंगनबाड़ी के नौनिहालों ने जाना जल का मोल तितली' के संग सीखी स्वस्थ जीवन
*समाचार*
*आंगनबाड़ी के नौनिहालों ने जाना जल का मोल*
*'तितली' के संग सीखी स्वस्थ जीवन की राह*
जगदलपुर, 12 मई 2026/ भीषण गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण दौर में जहाँ बड़ों के लिए भी खुद को ऊर्जावान रखना मुश्किल हो रहा है, वहीं जिले के स्थानीय 126 आंगनबाड़ी केन्द्रों के बच्चों ने एक अनूठी पहल के माध्यम से स्वास्थ्य और पर्यावरण का पाठ पढ़ा। 'तितली संस्था' के विशेष सहयोग से उक्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को पानी के महत्व से बेहद रोचक और मजेदार तरीके से रूबरू कराया गया। केंद्र में मौजूद बच्चों ने खेल-खेल में यह समझा कि गर्मी के इस मौसम में अपने शरीर को ठंडा और स्वस्थ रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना कितना अनिवार्य है। साधारण व्याख्यान के बजाय गतिविधियों के माध्यम से मिली इस जानकारी ने बच्चों को यह समझने में मदद की कि पानी केवल प्यास बुझाने का साधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। इस दौरान बच्चों को न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाया गया। नन्हे बच्चों ने यह जाना कि पानी प्रकृति का एक अनमोल उपहार है, जिसे सुरक्षित रखना और व्यर्थ होने से बचाना हम सभी सहभागिता निभायें।गतिविधियों के दौरान बच्चों के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि यदि सही उम्र में सही संस्कार दिए जाएं, तो वे भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं। कार्यक्रम का समापन बच्चों द्वारा लिए गए एक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने एक स्वर में "पानी बचाओ, स्वस्थ जीवन अपनाओ" का संदेश देते हुए समाज को जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।