सीधी: छड़हुला टोला में पहली बार बिजली पहुंची
सीधी जिले के आदिवासी बहुल छड़हुला टोला में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंचने से गांव में खुशी का माहौल है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने जनचौपाल के दौरान गांव की कक्षा चौथी की छात्रा सरस्वती सिंह को 25 मिनट के लिए प्रतीकात्मक रूप से कलेक्टर बनाया। इस दौरान सरस्वती ने बिजली पहुँचाने का आदेश दिया और 15 दिनों के भीतर काम पूरा करने को कहा, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए 13 दिनों में करीब 40 घरों में बिजली पहुंचा दी।
सरस्वती सिंह ने गांव तक सड़क निर्माण की भी मांग की, जिस पर प्रशासन ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। वर्षों से अंधेरे में जीवन बिताने वाले आदिवासी परिवार अब बिजली मिलने से उत्साहित हैं। पहले बार जब बल्ब जले तो गांव में उत्सव मनाया गया। सरस्वती ने खुद स्विच दबाकर पूरे टोले को रोशन किया। बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई रात में भी संभव होगी और स्कूल में कंप्यूटर शिक्षा शुरू करने का रास्ता भी साफ हो गया है।