तेज आंधी में स्कूल की बाउंड्री ढही, पेड़ गिरने से कूलर क्षतिग्रस्त,लकड़ी लूटने को उमड़े ग्रामीण
हथगांव फतेहपुर संवाददाता।
तेज आंधी और तूफान का असर हथगांव थाना क्षेत्र में भी देखने को मिला। प्राथमिक विद्यालय पैगम्बरपुर रिकौहा परिसर में तेज हवा के चलते आम और जामुन का बड़ा पेड़ टूटकर विद्यालय की बाउंड्री व उस पर लगे तारों पर गिर गया, जिससे बाउंड्री दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पेड़ गिरने की वजह से विद्यालय के कमरों में लगे कूलर भी गिरकर टूट गए, जिससे स्कूल को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और गिरे हुए पेड़ की लकड़ी व पत्तों को लेकर ले जाने की होड़ मच गई।
फिलहाल विद्यालय प्रशासन द्वारा घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।