बेरा गढ़ीवा के पास पिकअप-ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, दो चालक घायल
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरा गढ़ीवा गांव के समीप बुधवार सुबह पिकअप और ट्रक ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक समेत दोनों वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार हथगांव थाना क्षेत्र के छतवा का पुरवा गांव निवासी शंकर यादव का 22 वर्षीय पुत्र अंकित यादव पिकअप चालक है। वह बुधवार सुबह पिकअप संख्या यूपी-71 सीटी-4059 से भाड़ा छोड़कर शहर से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी गाड़ी हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरा गढ़ीवा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे ट्रक ट्रेलर संख्या यूपी-95 टी-67 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर सरकारी 108 एंबुलेंस पहुंची और घायल पिकअप चालक अंकित यादव तथा ट्रेलर चालक सर्वेश को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल फतेहपुर भेजा गया। जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया तथा घटना की जांच शुरू कर दी है।