भांवरकोल : वीरपुर पंप नहर पर अतिक्रमण से सिंचाई प्रभावित
भांवरकोल : किसानों की सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए छह दशक पहले बनाई गई वीरपुर लघुडाल नहर पर विभागीय लापरवाही और अतिक्रमण का प्रभाव पड़ा है। पिछले करीब बीस वर्षों से नहर का पानी अंतिम छोर धनेठा और बाठा गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे टेल क्षेत्र के किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर उदासीन बने हुए हैं।
करीब 12.400 किलोमीटर लंबी यह नहर कई स्थानों पर अतिक्रमण और गंदगी के कारण संकरी हो चुकी है। ग्रामीणों ने नहर में मिट्टी डालकर रास्ता बना दिया है, जिससे पानी का बहाव बाधित हो रहा है। गाजीपुर-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से लेकर बाठा गांव तक की स्थिति सबसे खराब है। किसान धान, गेहूं और अन्य फसलों की सिंचाई के लिए निजी संसाधनों पर निर्भर हैं।
ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग और प्रशासन पर केवल कागजी कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। लघुडाल विभाग के सहायक अभियंता रवि कुमार यादव ने बताया कि संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है और जांच के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।