उकलाना: रीमा सोनी की ऐतिहासिक जीत पर कांग्रेस ने जताई खुशी
उकलाना: नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी रीमा सोनी ने चेयरपर्सन पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट हरियाणा के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल व चंद्र हर्ष ने टीम के साथ उकलाना पहुंचकर रीमा सोनी का स्वागत किया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर जीत की शुभकामनाएँ दीं। सांसद कुमारी सैलजा ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से रीमा सोनी को बधाई दी और इसे युवाओं और महिलाओं के संघर्ष की जीत बताया।
एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जनता ने सत्ता के दुरुपयोग और अहंकारी राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने बताया कि भाजपा ने प्रशासनिक दबाव और बड़े नेताओं की फौज लगाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन जनता ने विकास और ईमानदारी को चुना। रीमा सोनी ने 7078 वोट हासिल किए जबकि भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को 4272 वोट मिले, जिससे रीमा ने 2806 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इस मौके पर कई कांग्रेस नेता जैसे चंद्रहंस पोली, करण सिंह नैन, एडवोकेट बजरंग इंदल, वीरेंद्र सेलवाल समेत अन्य मौजूद थे।