logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ऑपरेशन NARCOS के तहत आरपीएफ और जीआरपी को बड़ी सफलता, 15 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन NARCOS के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) टाटानगर एवं जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के पास से लगभग 15 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल एवं पुलिस अधीक्षक रेल जमशेदपुर के मार्गदर्शन में रेलवे परिसरों में लगातार नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। उसके सामान की तलाशी लेने पर बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया का रहने वाला बताया जा रहा है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यह गांजा उड़ीसा के संबलपुर से लेकर आया था और उसे बिहार के बेतिया ले जाने की तैयारी में था। हालांकि इससे पहले ही संयुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
बरामद गांजा का कुल वजन लगभग 15 किलो बताया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है। संभावना जताई जा रही है कि यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हो सकता है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया। कार्रवाई पोस्ट कमांडर रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी की देखरेख में संपन्न हुई। संयुक्त टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की रेलवे अधिकारियों ने सराहना की है।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल, संपर्क सूत्र और तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन NARCOS के तहत लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे परिसरों को अपराध और नशे के कारोबार से मुक्त रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तुरंत रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

36
1536 views

Comment