आकाशीय बिजली से 14 वर्षीय किशोरी की असमय मृत्यु, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
कछौना(हरदोई): तहसील संडीला के अंतर्गत ग्राम आँट-साँट में 14 वर्षीय किशोरी का बुधवार अपराह्न तेज बारिश व ओले गिरते समय आकाशीय बिजली गिरने से आकस्मिक निधन हो गया। इस घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बुधवार को असमय बारिश व तेज आंधी आने से तहसील संडीला के ग्राम आँट साँट में छोटे मौर्य की 14 वर्षीय किशोरी अंकिता मौर्य घर के बाहर कंडा उठाने गई थी, इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों द्वारा सूचना पर परिजन घायल किशोरी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां में भर्ती कराया, जहाँ पर डॉक्टरों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मृतका गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा थी। मृतका का पिता खेती मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। पूरे मामले को उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया ने संज्ञान में लेकर टीम भेजकर पीड़ित परिवार को शासन से हर संभव मदद दिलाने की बात कही। आकाशीय बिजली बारिश में मुख्य रूप से ऊँचे पेड़ों, बिजली के टॉवरों, ऊँची इमारतों और खुले समतल खेतों में गिरती है। आकाशीय बिजली हमेशा सबसे ऊँची वस्तु को निशाना बनाती है। सुरक्षित रहने के लिए बिजली कड़कने पर तुरन्त किसी पक्के घर की शरण लेना चाहिए। पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे कतई शरण न लें। खुले आसमान में हों तो झुक कर बैठ जायें, कार में हों तो खिड़कियों को बंद कर लें। इस असमय घटना से परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट - शाक्य आशीष सिंह मौर्य