उदयपुर में बड़ा हादसा: बिजली गिरने से 14 गायों की मौत, एक बछड़े की बची जान
तात्कालिक समाचार
ग्राम पंचायत उदयपुर में आज आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 15 गायें इसकी चपेट में आ गईं। घटना में 14 गायों की मृत्यु हो गई, जबकि एक छोटा बछड़ा जीवित बचा है।
घटना की सबसे पहले जानकारी ग्राम पंचायत के वरिष्ठ नागरिक निरंजन सिंह द्वारा प्राप्त हुई, जिन्होंने तत्काल ग्राम पंचायत को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत के सरपंच प्रताप सिंह, तप सिंह, उपसरपंच शेखर बाबा एवं जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ बाबा को अवगत कराया गया। सभी जनप्रतिनिधियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पशु चिकित्सक को फोन कर मौके पर बुलाया।
डॉक्टरों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी पशुओं की जांच एवं उपचार संबंधी कार्यवाही की, जिसमें 14 गायों को मृत घोषित किया गया तथा एक बछड़ा जीवित पाया गया।
ग्राम पंचायत की तत्परता एवं जिम्मेदार कार्यशैली को देखते हुए ग्रामवासियों ने पंचायत के कार्य की सराहना की। साथ ही ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की कोई भी आपात स्थिति, आकाशीय बिजली अथवा अन्य दुर्घटना होने पर तत्काल ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पदाधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
इस कठिन परिस्थिति में तत्काल सक्रियता दिखाने एवं डॉक्टर को मौके पर बुलाने हेतु सरपंच प्रताप सिंह, तप सिंह, माननीय शेखर बाबा एवं सिद्धार्थ बाबा का ग्रामवासियों द्वारा हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही समय रहते सूचना देने के लिए वरिष्ठ नागरिक निरंजन सिंह का भी विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।