फतेहपुर में आंधी-तूफान से किशोर की मौत, बच्चा घायल
फतेहपुर: तेज आंधी-तूफान के दौरान फतेहपुर जनपद में दो गंभीर हादसे हुए जिसमें 15 वर्षीय ऋतिक गौतम की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 5 वर्षीय अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। ऋतिक गौतम गाजीपुर थाना क्षेत्र के डुडरा गांव के निवासी थे और अपनी मां कविता के साथ हथगाम थाना क्षेत्र के कासिमपुर कटरा गांव में ननिहाल आए थे। अचानक आंधी-तूफान के दौरान मकान से ईंट टूटकर ऋतिक पर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी घटना हथगाम थाना क्षेत्र के रामपुरमून गांव में हुई जहां आंधी के कारण दीवार गिर गई और 5 वर्षीय अमन पुत्र वीरेंद्र मलबे में दब गया। परिजनों ने उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया जहां उसके पैर में फ्रैक्चर पाया गया। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है। जिले में तेज आंधी-तूफान से कच्चे मकानों और पुरानी दीवारों को नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल बना है। प्रशासन ने लोगों से जर्जर मकानों से दूर रहने की अपील की है।