उप विकास आयुक्त ने गुड़ाबांदा प्रखंड के बनमाकड़ी पंचायत का किया निरीक्षण, विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान ने गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत बनमाकड़ी पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), जल जीवन मिशन सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उप विकास आयुक्त ने योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लाभुकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव, उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को कार्य निष्पादन में सुधार लाने, योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।