logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पहाड़ी ब्लाक में तेज आंधी-तूफान से भारी तबाही, बिजली विभाग को बड़ा नुकसान

मिर्ज़ापुर (पड़री /पहाड़ी ): -विकासखंड पहाड़ी क्षेत्र में बुधवार शाम आए तेज आंधी और भयंकर तूफान ने व्यापक तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। तूफान के कारण क्षेत्र में सैकड़ों पेड़ गिरने की आशंका जताई जा रही है, जबकि बिजली विभाग को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार लगभग 50 से अधिक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा कई स्थानों पर विद्युत तार टूटकर गिर गए हैं, जिससे पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छा गया है और लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग तथा अन्य जरूरी कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी बाधित हो गया। तूफान की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई स्थानों पर टीनशेड, कच्चे मकान और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं प्राप्त हुई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।

इधर विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरे हुए पेड़ों को हटाने तथा बिजली व्यवस्था बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। बिजली विभाग, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में जुटी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार क्षतिग्रस्त पोल और टूटे तारों की मरम्मत कर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन नुकसान अधिक होने के कारण बिजली आने में समय लग सकता है।

33
2476 views

Comment