निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता व समय-सीमा पालन के दिए निर्देश
जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को जिला मुख्यालय सारंगढ़ स्थित निर्माणाधीन कलेक्टोरेट संयुक्त जिला कार्यालय (कंपोजिट बिल्डिंग) एवं जिला अस्पताल भवन के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्राइंग-डिज़ाइन के अनुरूप सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर अधिकारियों से टेबल पर ड्राइंग-डिज़ाइन अनुसार विभिन्न विभागों के लिए बन रहे कक्षों, संरचनाओं एवं उपयोगिता स्थलों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा उच्च कार्यालय को भेजे गए स्टिमेट की स्वीकृति, उपलब्ध बजट एवं मिले निर्देशों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भूतल एवं प्रथम तल पर बने कक्ष, मीटिंग हॉल, वेटिंग हॉल, शौचालय सहित कई महत्वपूर्ण हिस्सों का अवलोकन किया। इस दौरान मजदूर प्लास्टर, वायरिंग, फॉल्स सीलिंग जैसे कार्यों में सक्रिय रूप से लगे हुए थे।
इसके साथ ही उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया, जहां नींव स्तर का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय कार्यपालन अभियंता पीएल पैकरा, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, एसडीओ पटेल, खुशीराम नायक एवं ठेकेदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।