कानपुर उर्सला अस्पताल में DM का बड़ा एक्शन, 22 डॉक्टर और 10 कर्मचारी मिले गायब
कानपुर- जिला अस्पताल उर्सला में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब DM जितेंद्र प्रताप सिंह अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। औचक जांच के दौरान अस्पताल की लापरवाही खुलकर सामने आ गई।
DM ने जब अस्पताल का उपस्थिति रजिस्टर चेक किया तो 22 डॉक्टर और 10 स्वास्थ्य कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। बड़ी संख्या में डॉक्टरों की अनुपस्थिति देखकर DM ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान DM की टीम ने अस्पताल परिसर से दो संदिग्ध दलालों को भी पकड़ लिया। आरोप है कि ये लोग मरीजों को बहला-फुसलाकर बाहर इलाज और जांच कराने के लिए दबाव बना रहे थे। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
मरीजों ने DM से शिकायत करते हुए बताया कि अस्पताल में डॉक्टर बाहर की दवाएं लिखते हैं, जिससे गरीब मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। इस पर DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त नाराजगी जताते हुए बाहर की दवा लिखने पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए।
DM ने साफ कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एडीएम राजेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।