जलेबी तोड़ने के दौरान बच्चे को लगा करंट, हालत अब खतरे से बाहर
अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत मजलिसपुर पंचायत, भटवार के वार्ड संख्या 8 में बुधवार को एक हादसा हो गया। जलेबी तोड़ने गए 13 वर्षीय बच्चे को बिजली करंट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चा जलेबी के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ रहा था। इसी दौरान पेड़ से सटा बिजली का तार उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पलासी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल बच्चे की पहचान बच्चननाद ऋषिदेव के 13 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है।
सीएचसी पलासी के चिकित्सक डॉ. परवेज हयात ने बताया कि बच्चे का इलाज जारी है और अब वह खतरे से बाहर है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से पेड़ों से सटे एवं खुले बिजली तारों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Journalist Shams Reza 8757860816