logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेटियों ने फिर मारी बाजी: मांधना स्कूल का 12वीं में शत-प्रतिशत रिजल्ट, आस्था बनी टॉपर

मोरनी | पहाड़ी क्षेत्र मोरनी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधना ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी अलग पहचान बनाई है। स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जबकि कॉमर्स संकाय की छात्रा आस्था ने 483 अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय की इस सफलता के पीछे कॉमर्स प्रवक्ता सतबीर सिंह की मेहनत और समर्पण को बड़ी वजह माना जा रहा है। पिछले 12 वर्षों से मांधना स्कूल में सेवाएं दे रहे सतबीर सिंह का बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार 100 प्रतिशत रहा है। उनके मार्गदर्शन में पढ़े विद्यार्थी हर वर्ष जिले और ब्लॉक स्तर पर टॉप स्थान हासिल कर रहे हैं।
सतबीर सिंह ने अपने शिक्षण करियर की शुरुआत भी उपलब्धि के साथ की थी। उनके पहले ही बोर्ड परीक्षा परिणाम में छात्रा काजल ने पूरे हरियाणा में टॉप कर विद्यालय, पंचकूला और मोरनी क्षेत्र का नाम रोशन किया था। इसके बाद से मांधना स्कूल लगातार उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है।
इस वर्ष भी आस्था ने 96.60 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। वहीं मनप्रीत शर्मा ने 478 अंक (95.60%) लेकर दूसरा तथा खुशी ने 463 अंक (92.60%) लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की बेटियों के शानदार प्रदर्शन से गांव में खुशी का माहौल है।
सतबीर सिंह स्वयं यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडलिस्ट हैं और अपने सरल शिक्षण तरीके के लिए पूरे मोरनी ब्लॉक में जाने जाते हैं। वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देते हैं। उनके पढ़ाए हुए कई विद्यार्थी आज बैंकिंग, रेलवे, हरियाणा उच्च शिक्षा, भारतीय सेना और अन्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। गत वर्ष उनके दो छात्रों का भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयन हुआ था।
विद्यालय की प्रधानाचार्या और स्टाफ ने बताया कि कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद सतबीर सिंह विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए लगातार अतिरिक्त कक्षाएं लगाते हैं और कमजोर विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से भी मार्गदर्शन देते हैं।
ग्राम पंचायत मांधना के सरपंच पंचपाल शर्मा और अभिभावकों ने विद्यालय के शानदार परिणाम पर विद्यार्थियों और स्टाफ को बधाई दी। सरपंच पंचपाल शर्मा ने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कर्नल शहीद मनप्रीत सिंह इंस्पिरेशन अवॉर्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।
सतबीर सिंह ने कहा कि बच्चों की सफलता ही उनका सबसे बड़ा पुरस्कार है। उनका लक्ष्य है कि मोरनी क्षेत्र का हर बच्चा, विशेषकर बेटियां, आत्मनिर्भर बनें और जीवन में नई ऊंचाइयों तक पहुंचें।

56
7602 views

Comment