logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नगर निगम चुनाव 2026: पंचकूला में मतगणना केन्द्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पंचकूला/ 12 मई:- नगर निगम चुनाव-2026 की मतगणना को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। 13 मई को सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होने वाली मतगणना को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ अधिकारियों ने आज मतगणना केंद्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मतगणना केंद्र के अंदर, बाहर और विभिन्न नाकों पर कुल 342 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। केंद्र के आसपास तीन विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां लगातार चेकिंग की जाएगी। पंचकूला पुलिस द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत विशेष आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों के अनुसार मतगणना केंद्र के 500 मीटर क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल, प्रत्याशी, अधिकृत एजेंट और वैध पहचान पत्र वाले मीडिया कर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

मतगणना केंद्र के अंदर हथियार, मोबाइल फोन, वॉकी-टॉकी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

0
0 views

Comment