बछरांवा में 120 मूक पशुओं से भरा ट्रक पकड़ा, तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब
बछरांवा (रायबरेली)। पशु तस्करी के खिलाफ बछरांवा पुलिस और हिंदू संगठनों की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। फतेहपुर और लखनऊ बजरंग दल की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 120 मूक पशुओं से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान तस्करों में हड़कंप मच गया, जबकि ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे गए पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर मुक्त कराया गया।
बताया जा रहा है कि बछरांवा थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव के निकट बाईपास चौराहे पर संदिग्ध ट्रक के गुजरने की सूचना हिंदू संगठनों द्वारा पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी संख्या में अवैध रूप से पशु लदे मिले।
कार्रवाई में शामिल हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पशुओं को अमानवीय तरीके से भरकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी रवि कुमार के निर्देश पर आरोपितों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पशु तस्करों के बीच खलबली मच गई है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस और हिंदू संगठनों की तत्परता की सराहना की है।