NEET-UG 2026 पेपर लीक मामला: NTA ने परीक्षा रद्द की, CBI जांच शुरू
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा एक बार फिर विवादों में आ गई है। 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को (NTA) ने कथित पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। इस परीक्षा में करीब 22 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिससे अब लाखों छात्र और उनके परिवार चिंता में हैं।
NTA की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच (CBI) को सौंप दी गई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। शुरुआती जांच में राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और केरल तक कनेक्शन सामने आए हैं। नासिक से शुभम खैरनार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो BAMS का छात्र बताया जा रहा है। आरोप है कि उसने प्रश्नपत्र खरीदकर आगे दूसरे लोगों तक पहुंचाया।
राजस्थान एसओजी की जांच में सीकर और जयपुर का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा से पहले कुछ छात्रों तक कथित क्वेश्चन बैंक पहुंचा था, जिसमें मौजूद कई सवाल परीक्षा में हूबहू पूछे गए। जांच एजेंसियां अब कोचिंग संस्थानों, काउंसलिंग नेटवर्क और छात्र संपर्कों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए प्रश्नपत्र फैलाया गया। कई छात्रों और अभिभावकों से पूछताछ की जा रही है। वहीं गुरुग्राम से एक युवक को हिरासत में लिया गया है, हालांकि उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी NEET परीक्षा विवादों में रही थी। उस समय भी गड़बड़ियों के आरोप सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचे थे। इस बार परीक्षा रद्द होने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। समेत कई नेताओं ने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया है।
अब देशभर के लाखों छात्र नई परीक्षा तारीखों और जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।