CBI निदेशक चयन पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले- सिर्फ औपचारिकता बन गई है प्रक्रिया
नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नए सीबीआई निदेशक की चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पूरी प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण और अपारदर्शी बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रही है।
राहुल गांधी का कहना है कि चयन समिति में विपक्ष के नेता को कोई सार्थक भूमिका नहीं दी जा रही। उन्होंने दावा किया कि उम्मीदवारों की स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट और 360-डिग्री मूल्यांकन रिपोर्ट जैसी अहम दस्तावेज उन्हें उपलब्ध नहीं कराए गए, जबकि निष्पक्ष चयन के लिए इन दस्तावेजों की जरूरत होती है।
कांग्रेस नेता ने चयन समिति की बैठक को महज एक औपचारिकता बताते हुए कहा कि महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाकर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। राहुल गांधी ने साफ कहा कि विपक्ष का नेता कोई रबर स्टैम्प नहीं है और वह अपने संवैधानिक दायित्वों से समझौता नहीं करेंगे।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इससे पहले 5 मई 2025 और 21 अक्टूबर 2025 को भी उन्होंने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के सुझाव दिए थे, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
गौरतलब है कि नए सीबीआई निदेशक की नियुक्ति को लेकर प्रधानमंत्री आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और राहुल गांधी शामिल हुए। बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है