logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खगड़िया जिले के अलौली थाना में प्राथमिकी दर्ज, महिला ने पड़ोसियों पर मारपीट और धमकी का लगाया आरोप

खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र अंतर्गत बुद्धमा पड़री वार्ड संख्या-02 निवासी कलरी देवी ने अलौली थाना में आवेदन देकर गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर चोरी, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 की रात करीब 2:30 बजे गांव के ही कई लोग उनके घर में घुस आए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों द्वारा लगातार गाली-गलौज और धमकी दी जाने लगी।
महिला ने आवेदन में बताया कि 5 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे आरोपी उनके घर के पास आकर अपशब्द कहने लगे और विरोध करने पर मारपीट की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अक्सर महिलाओं पर गलत नजर रखते हैं और लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित करते आ रहे हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायत देने के बाद जब पुलिस जांच के लिए पहुंची और लौट गई, उसी दौरान कुछ आरोपी लाठी-डंडा एवं हथियार लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि एक आरोपी ने उनके ऊपर हथियार तानते हुए रंगदारी की मांग भी की। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
अलौली थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0
0 views

Comment