प्रधानमंत्री की अपील का असर: लखनऊ महापौर सुषमा खर्कवाल ने लौटाई एक सरकारी गाड़ी, अफसरों को दिया टिफिन मंत्र
इनसेप्शन डेली न्यूज़/ID News
संदीप शास्त्री (ब्यूरो चीफ)
लखनऊ
प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन और संसाधनों की बचत संबंधी अपील का असर अब सरकारी विभागों में भी दिखाई देने लगा है। Sushma Kharkwal ने नगर निगम में संसाधन संरक्षण और फिजूलखर्ची रोकने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
महापौर ने नगर आयुक्त को भेजे पत्र में कहा है कि जिन अधिकारियों के पास दो-दो सरकारी वाहन आवंटित हैं, उनसे तत्काल एक वाहन वापस लिया जाए। उन्होंने स्वयं उदाहरण पेश करते हुए अपने लिए आवंटित दो सरकारी वाहनों में से एक गाड़ी वापस करने का फैसला किया है।
ईंधन बचत को लेकर महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से दोपहर के भोजन के लिए घर जाने के बजाय कार्यालय में ही टिफिन लाने की अपील की है। उनका कहना है कि इससे सरकारी वाहनों और निजी गाड़ियों का अनावश्यक उपयोग कम होगा तथा पेट्रोल-डीजल की बचत संभव हो सकेगी।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्पष्ट कहा कि सरकारी वाहन केवल उन्हीं अधिकारियों को उपलब्ध कराए जाएं जो नियमानुसार इसके पात्र हैं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बचतें ही बड़े आर्थिक सुधारों की नींव बनती हैं और सरकारी विभागों को खुद अनुशासन एवं बचत का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
नगर निगम में इस पहल के बाद अन्य विभागों में भी सरकारी वाहनों की समीक्षा, ईंधन प्रबंधन और खर्चों में कटौती की कवायद तेज होने की संभावना जताई जा रही है ।