भोपाल के शासकीय भवनों पर लगेंगे 13 मेगावाट के सोलर प्लांट, 3.78 की दर से मिलेगी बिजली
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ऊर्जा संरक्षण और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला की उपस्थिति में भोपाल जिले के विभिन्न शासकीय भवनों पर 'सोलर रूफटॉप संयंत्र' स्थापना के लिए विद्युत क्रय अनुबंध (PPA) संपन्न हुआ।
यह अनुबंध शासकीय संस्थाओं और रेस्को (RESCO) विकासक इकाइयों के मध्य किया गया है। योजना के अंतर्गत भोपाल जिले के सरकारी कार्यालयों और भवनों की छतों पर कुल 13 मेगावाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। खास बात यह है कि रेस्को मोड के तहत होने वाली इस स्थापना के बाद इन विभागों को मात्र 3.78 प्रति यूनिट की रियायती दर पर बिजली उपलब्ध होगी, जिससे सरकारी खजाने पर बिजली बिल का बोझ कम होगा।