पीएम श्री मध्य विद्यालय सकरवासा के सामने गंदगी का अंबार, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसंवाद में की शिकायत
बेगूसराय, मंझौल: संवाददाता अरुण साह
बेगूसराय जिले के चेरियाबरियारपुर प्रखंड अंतर्गत सकरवासा पंचायत स्थित पीएम श्री मध्य विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने फैली गंदगी और कूड़ा-कचरे को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की सुनवाई की तिथि भी निर्धारित कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदन संख्या 9999901120526622312 के तहत 12 मई 2026 को ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने लंबे समय से कूड़ा-कचरा और गंदगी का ढेर लगा हुआ है। हल्की हवा चलने पर कचरा विद्यालय परिसर की ओर उड़कर पहुंच जाता है, जिससे वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय के आसपास नियमित सफाई व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। बच्चों को दुर्गंध और गंदगी के बीच विद्यालय आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से विद्यालय के मुख्य द्वार एवं आसपास के क्षेत्र की तत्काल सफाई कराने तथा कूड़ा प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
इस शिकायत में शमसुल हसन, मंपुन यादव, मिथलेश मांझी, हीरालाल हिमांशु, संजय कुमार यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी चिंता जाहिर की है। आवेदन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि विद्यालय के सामने फैली गंदगी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन चुकी है और प्रशासन को इस दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री जनसंवाद पोर्टल पर दर्ज शिकायत की सुनवाई की तिथि 21 मई 2026 सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है। सुनवाई स्थल की सूचना संबंधित आवेदकों को एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करेगा, ताकि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।