बदायूं: नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में कार्रवाई की मांग
बदायूं: बिनावर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में पीड़िता के परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को शिकायत प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता की मां ने गांव के पूर्व प्रधान संजीव गुप्ता और दो अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट की और सामान तोड़ा।
पीड़ित बच्ची ने आरोप लगाया है कि जब वह एसएसपी के पास शिकायत देने जा रही थी तो आरोपियों ने उसका पीछा कर गिराने का प्रयास किया। पीड़िता की मां ने कहा कि आरोपी धमकी देते हैं कि अगर मामला तय नहीं किया तो एससी एक्ट में जेल भेज देंगे। छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। थाना प्रभारी अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि मामले की जांच सीओ सिटी बदायूं के अंतर्गत चल रही है।