logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंचायत चुनावों में सक्रिय हुआ अपना दल (एस), अजमल सिद्दीकी के नेतृत्व में मन्नापुर में हुई विशाल बैठक

मुगलसराय/चन्दौली | संवाददाता
जनपद चन्दौली के विधानसभा 380 मुगलसराय अंतर्गत ग्राम सभा मन्नापुर में रविवार को अपना दल (एस) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में पंचायत चुनावों की तैयारियों, संगठन विस्तार एवं गांव-गांव तक पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि अपना दल (एस) अब पंचायत स्तर तक पूरी सक्रियता के साथ अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में जुट गया है।
बैठक में युवा नेता एवं विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय चेहरा अजमल सिद्दीकी को विशेष जिम्मेदारी देते हुए संगठन को मजबूत करने का कार्य सौंपा गया। कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें युवा नेतृत्व का मजबूत चेहरा बताया। इस दौरान उपस्थित नेताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और अपना दल (एस) गांव-गांव तक जनता की आवाज बनने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजमल सिद्दीकी ने कहा कि अपना दल (एस) केवल बड़े चुनावों तक सीमित रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि पंचायत से लेकर संसद तक संगठन को मजबूत करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जहां अन्य राजनीतिक दल पंचायत चुनावों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, वहीं अपना दल (एस) एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर छोटे-छोटे चुनावों में भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हर गांव, हर बूथ और हर पंचायत तक पहुंच बनाकर जनता की समस्याओं को सुना जाए और संगठन को मजबूत किया जाए। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, पंचायत चुनाव रणनीति तथा गांव स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।
इस अवसर पर काज़ी अली हुसैन, सद्दाम अहमद, एम.डी. शोभारुब, रोहित कुमार, साहिल अफरीदी, सलमान खां, आरिफ खां, रिजवान खां, सैयद क़मर फुरकान, साहूल खां, दिलशान, कुंवर सहित दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने कहा कि आने वाले पंचायत चुनावों में अपना दल (एस) मजबूती के साथ भागीदारी करेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की मजबूती और पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन को लेकर सामूहिक रणनीति बनाई गई तथा सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।

12
353 views

Comment