मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार की तैयारी में सनातन समाज पार्टी, मकरध्वज तिवारी बने प्रदेश अध्यक्ष
भोपाल। राष्ट्रहित, सांस्कृतिक चेतना एवं जनसरोकार आधारित राजनीति को केंद्र में रखकर कार्य कर रही सनातन समाज पार्टी ने मध्यप्रदेश में अपने संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए राजनीतिक विश्लेषक एवं रणनीतिकार मकरध्वज तिवारी को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार यह जिम्मेदारी 19 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो चुकी है।
पार्टी, पूज्य डॉ. श्री वत्साचार्य जी महाराज के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है और सनातन की शक्ति राष्ट्र की भक्ति के वैचारिक सूत्र के साथ संगठन निर्माण एवं जनसंपर्क विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मकरध्वज तिवारी पिछले कई वर्षों से राजनीतिक रणनीति, चुनावी प्रबंधन एवं मीडिया संचार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें विभिन्न राज्यों में चुनावी अभियानों, बूथ मैनेजमेंट, जनमत विश्लेषण तथा राजनीतिक कम्युनिकेशन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। मध्यप्रदेश के अलावा दिल्ली, पंजाब, असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, जम्मू-कश्मीर एवं उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में उन्होंने राजनीतिक अभियानों पर कार्य किया है।
राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ वे मीडिया एवं जनसंचार क्षेत्र से भी जुड़े रहे हैं। समाचार संपादन, राजनीतिक रिपोर्टिंग तथा जनसंपर्क से संबंधित कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। संगठनात्मक ढांचे की समझ एवं राजनीतिक नैरेटिव निर्माण को उनकी प्रमुख कार्यक्षमता माना जाता है।
शैक्षणिक दृष्टि से मकरध्वज तिवारी संस्कृत व्याकरण, हिन्दी एवं जनसंचार विषयों में परास्नातक उपाधियाँ प्राप्त कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने संस्कृत व्याकरण में विद्या वारिधि की उपाधि अर्जित की है। भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं इंडोलॉजी विषयों में उनकी विशेष रुचि रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार उन्हें मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जिला एवं मंडल स्तर पर संरचना निर्माण तथा पार्टी की वैचारिक गतिविधियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि आगामी समय में पार्टी प्रदेश में अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने हेतु व्यापक संगठनात्मक अभियान चला सकती है। Aima मीडिया ज्ञानेंद्र कुमार पाण्डेय