लखनऊ में मड़ियांव थाना पुलिस ने ई-रिक्शा और टेंपो में सवारियों के बैग से जेवर और नकदी चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा है।
लखनऊ में मड़ियांव थाना पुलिस ने ई-रिक्शा और टेंपो में सवारियों के बैग से जेवर और नकदी चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सोने के जेवर और 29,400 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगाल रही है।
पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ा
एडीसीपी नार्थ ने बताया सोमवार को मड़ियांव थाना पुलिस भिठौली तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ई-रिक्शा और टेंपो में चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ संदिग्ध महिलाएं और पुरुष नौबस्ता मोड़ से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 5 लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान जयप्रकाश उर्फ जैकी, मनोज कुमार उर्फ जत्थू, रजनी, रामवती और अनीता के रूप में बताई। सभी आरोपी हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास चिनहट इलाके में रह रहे थे।मड़ियांव और गोमती नगर से चुराए गहने बरामद हुए
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक गले का हार, दो चैन, दो मंगलसूत्र, माथे का टीका, एक अंगूठी, एक जोड़ी कान के टप्स और 29 हजार 400 रुपए नगद बरामद हुए। जांच में सामने आया कि बरामद सामान मड़ियांव और गोमतीनगर थानों में दर्ज चोरी के कई मुकदमों से संबंधित है।
पुलिस पूछताछ में बताया कि ई-रिक्शा और टेंपो में यात्रियों के साथ सफर करते थे और मौका मिलते ही उनके बैग से जेवर व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। बाद में चोरी का माल राह चलते लोगों को बेचकर खर्च चलाते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गुब्बारे बेचने का काम करते थे। इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से जुटाई जा रही है।