कुरारा हमीरपुर: बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों को बिजली संकट
कुरारा हमीरपुर: बिजली विभाग की लापरवाही के कारण पतारा गांव के प्रजापति मोहल्ला में सैकड़ों घरों में विद्युत आपूर्ति बाधित है। लगभग छह माह पूर्व पेड़ काटते समय बिजली के दो पोल टूट गए थे, जिसके बाद ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद हो गई। विद्युत कर्मियों ने आपूर्ति को पुरानी नलकूप लाइन से जोड़ा, जो जर्जर होने के कारण अक्सर फाल्ट हो जाता है। इससे ग्रामीणों को दिन-रात बिजली बंद रहने की समस्या हो रही है, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।
गांव निवासी दिनेश द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचित किया और उपखंड अधिकारी कार्यालय में प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। सुमित सिंह, रामकिशोर टेलर, बउआ प्रजापति, सीतल प्रजापति, शिवनरेश और वीरू प्रजापति ने बताया कि बिजली फाल्ट के कारण रात में सोना मुश्किल हो जाता है और दिन में पीने के पानी की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द कार्यवाही की मांग की है।