जशपुर: महुआ में सुशासन तिहार शिविर आयोजित, विधायक रायमुनी भगत ने संवाद किया
जशपुर: सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत बगीचा अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआ में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और इसे जनसेवा व जनसंवाद का सशक्त मंच माना गया। जशपुर विधायक रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
शिविर में महुआ सहित सन्ना, लरंगा, कोपा, लोढ़ेना, कामारीमा, लोरो, भादूपाठ, खैरापाठ, डोभ एवं तमया सहित कई गांवों से ग्रामीण पहुंचे। कुल 1077 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 163 का मौके पर समाधान किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास एवं पेंशन जैसी समस्याएं रखीं। विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा आम, लीची, अमरूद एवं नाशपाती के पौधों का वितरण किया गया।
शिविर में आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया। जनपद सीईओ विनोद सिंह एवं विधायक रायमुनी भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस आयोजन को सरकार की संवेदनशील एवं जनहितकारी पहल बताया और प्रशासन पर भरोसा मजबूत होने की बात कही।