logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बकरीद से पहले अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी ...

हजारीबाग: हजारीबाग जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपितों की गिरफ्तारी, अवैध कारोबार पर कार्रवाई और लंबित कांडों के निष्पादन को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान बरही थाना क्षेत्र में हुए बैंक लूटकांड के सफल उद्भेदन में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पुलिस अधीक्षक ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं महिला प्रताड़ना, हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार अधिनियम से जुड़े मामलों में तेजी लाते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जिले में पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा करने तथा उन मामलों में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में वर्ष 2025 से पूर्व लंबित सभी कांडों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। एसपी ने निर्देश दिया कि सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षक प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा करेंगे और निष्पादन की प्रगति की निगरानी करेंगे। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने और इसमें शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं संगठित अपराध गिरोह, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सीसीए, थाना हाजिरी और गुंडा पंजी की कार्रवाई शुरू करने को कहा गया। बैठक में अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए संबंधित अंचल अधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आरोपितों की गिरफ्तारी पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जमीन विवाद से जुड़े मामलों की समीक्षा कर संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

1
58 views

Comment