गाजीपुर: खोरनपुर में अवैध कब्जा हटाने के लिए प्रशासन ने बुलडोजर चलाया
गाजीपुर: भांवरकोल विकास खंड के ग्राम पंचायत सुरनी के खोरनपुर गांव में प्रशासन ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। सहायक कलेक्टर अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। तहसीलदार महेंद्र बहादुर, राजस्व निरीक्षक नरेंद्र श्रीवास्तव, एसआई मोरध्वज दूबे, लेखपाल पुनीत राय और उनकी टीम भी मौजूद थे।
प्रशासन ने शिवपूजन, बब्बन यादव और नागेश्वर सिंह द्वारा ग्रामसभा की खलिहान और सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जे को हटवाया। अतिक्रमणकारियों को पहले नोटिस दिए जाने के बाद भी आदेश न मानने पर यह कदम उठाया गया। अवैध मकान और निर्माण को तोड़कर जमीन को मुक्त कराया गया। शिवपूजन और बब्बन यादव पर 2100-2100 रुपये और नागेश्वर सिंह पर 4100 रुपये क्षतिपूर्ति ग्रामसभा फंड में जमा करने का आदेश दिया गया। तहसीलदार ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।