हरदोई में निजी बस स्टैंड की तैयारी तेज, ई-रिक्शों पर भी सख्ती
हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के साथ नगरीय क्षेत्र से बाहर प्रस्तावित निजी बस स्टाप स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीतापुर रूट के लिए देहात कोतवाली के आगे तथा लखनऊ रूट के लिए एफसीआई गोदाम के आगे दी गई भूमि का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर एवं ईओ हरदोई को निर्देश देते हुए कहा कि बस स्टाप के लिए चिन्हित भूमि को तत्काल प्रभाव से समतल कराया जाए, ताकि निजी बसों का संचालन व्यवस्थित और सुचारू रूप से शुरू कराया जा सके।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार एवं एआरटीओ अरविंद कुमार सिंह को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र में चल रहे ई-रिक्शों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शों को निर्धारित रूट पर ही संचालित कराया जाए ताकि शहर में लगने वाले जाम की समस्या में सुधार हो सके। अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शों के खिलाफ चालान एवं विधिक कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मयंक कुंडू, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, प्रभारी कोतवाली देहात, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।