उड़ीसा से जबलपुर ले जा रहे थे 9.265 किलो अवैध गांजा, सरिया पुलिस की घेराबंदी में दो तस्कर गिरफ्तार
सरिया/रायगढ़, 12 मई 2026//सरिया पुलिस ने रविवार देर शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा है। सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 9 किलो 265 ग्राम गांजा जप्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 मई 2026 को सरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की हीरो होंडा HF डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 34 MB 0154 में दो व्यक्ति उड़ीसा से छत्तीसगढ़ होते हुए दमोह (मध्य प्रदेश) की ओर भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में टीम तैयार कर थाना सरिया के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी की गई।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को आते देखा गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें धर-दबोचा। पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम गणेश ठाकुर (29 वर्ष) तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम अवि घोसी (26 वर्ष) निवासी ग्राम तेंदुखेड़ा, बीड़ी कॉलोनी वार्ड 09, जिला दमोह (मध्य प्रदेश) बताया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के पिट्टू बैग की तलाशी लेने पर चार पैकेट, प्रत्येक लगभग 2-2 किलो के, कुल 9.265 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह गांजा बरगढ़ (उड़ीसा) से लेकर जबलपुर (मध्य प्रदेश) बेचने जा रहे थे। वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
अवैध मादक पदार्थ मिलने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 20(बी) NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए 12 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में शामिल अधिकारी/कर्मचारी:
थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सउनि कमल सिंह राजपूत, प्रआर मोहान गुप्ता, भोजराम नट, सुरेंद्र सिदार, आरक्षक मुकेश कश्यप, दिगम्बर पटेल, दिलीप साहा, छतराम कुर्रे, नर्मदा यादव की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही।
यह कार्रवाई सरिया पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।