नगर पालिका की बेदर्दी: रैन बसेरा से बेदखल हुआ परिवार, इंसाफ के लिए पानी की टंकी पर चढ़ा दंपत्ति
ब्यावर: राजस्थान के ब्यावर जिले के बिजयनगर के एक वार्ड नगर गांव में रहने वाले काशीराम लोहार और उनकी पत्नी ने नगर पालिका की अचानक हुई कार्रवाई के विरोध में गांव की ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर अपना विरोध जताया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
काशीराम लोहार ने बताया कि वे पिछले 7-8 वर्षों से सरकारी रैन बसेरा में रह रहे थे। नगर पालिका की टीम ने बिना किसी पूर्व चेतावनी या लिखित नोटिस के अचानक उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया। कर्मचारियों ने उनका सारा घरेलू सामान और औजार सड़क पर फेंक दिए। परिवार ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की गई, साथ ही काशीराम का मोबाइल छीन लिया गया और धक्का देकर बाहर निकाला गया जिससे उन्हें चोटें आईं।
भीषण गर्मी में घर से बेघर होने के बाद आहत दंपत्ति ने आत्मघाती कदम उठाते हुए पानी की टंकी पर चढ़ना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके पास रहने के लिए कोई अन्य ठिकाना नहीं है और प्रशासन ने उन्हें बेसहारा छोड़ दिया है।