पंचकूला में जनगणना 2027 को लेकर पर्यवेक्षकों की अहम बैठक
91 पर्यवेक्षकों ने लिया हिस्सा, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश
पंचकूला, 12 मई। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पंचकूला में जनगणना 2027 के तहत कार्यरत पर्यवेक्षकों की दो चरणों में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील पंचकूला, कालका, रायपुररानी तथा नगर निगम कालका के कुल 91 पर्यवेक्षक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनगणना कार्य को निर्धारित समय सीमा में शुद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा करवाना रहा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती संध्या छिक्कारा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन चौधरी, उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश बत्रा और उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरोत्तम शर्मा उपस्थित रहे। वहीं जिला सांख्यिकी कार्यालय से श्रीमती रजनी बंसल ने भी भाग लिया।
अधिकारियों ने बैठक के दौरान पर्यवेक्षकों से जनगणना कार्य में आ रही समस्याओं और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। साथ ही जिन प्रगणकों द्वारा अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया है, उनके संबंध में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जल्द कार्य प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सभी पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि जनगणना 2027 के कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।