मीरजापुर। अग्रणी सामाजिक संस्था के. एस. पी. ट्रस्ट द्वारा 81 दिवसीय गविष्ठि गो रक्षार्थ धर्म यात्रा पर निकले परामराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष
अनंत श्री विभूषित जगतगुरूशंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी सरस्वती महाराज के विंध्य धरा मीरजापुर आगमन पर स्थानीय राजर्षि नगर कॉलोनी में आयोजित पादुका पूजन, पुष्पार्चन कार्यक्रम में स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका आशीर्वचन प्राप्त किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ इस कार्यक्रम में जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज को ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शक्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल द्वारा गौ माता का आकर्षक स्मृति चिन्ह देते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं सामाजिक एकता को बल मिलेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों व संभ्रांत गणमान्य जनों को अपने आशीर्वचन से अभिसिंचित करते हुए जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद जी सरस्वती महाराज ने कहा कि सनातन जागृति के साथ ही गौ संरक्षण को धरातल पर प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। इसी क्रम में गो माता को राष्ट्र माता घोषित करने तथा गोवध पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाए जाने हेतु यह गविष्ठि गौ रक्षार्थ धर्म यात्रा निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य समाज में व्यापक जनजागृति द्वारा इस दिशा में प्रभावी प्रयास किया जाना है। चूंकि हमारे भारतवर्ष की पावन धरा पर सनातनियों हेतु गाय को पशु नहीं बल्कि माता का स्वरूप दिया गया है और हमारे लिए श्रद्धा, आस्था, सेवा व संस्कार का प्रतीक है। अतः यह हमारा नैतिक दायित्व व कर्तव्य बनता है कि हम अपनी गौमाता पर न तो अत्याचार होने दें और न ही उनका वध होने दें।
इस पादुका पूजन, पुष्पार्चन व आशीर्वचन कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शक्ति श्रीवास्तव के साथ शिवम श्रीवास्तव, रजत श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, सुधांशु श्रीवास्तव, सुशील श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, दिव्यांश श्रीवास्तव, आयुष श्रीवास्तव इत्यादि प्रमुख रूप से शामिल रहे।