वेलार तालाब में मगरमच्छ के हमले में 15 वर्षीय बालक घायल, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
बाली उपखंड के नाना थाना क्षेत्र के वेलार गांव में तालाब किनारे खेल रहे 15 वर्षीय किशोर पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। मगरमच्छ ने किशोर के पैर को जबड़े में दबोच लिया, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों की बहादुरी और सतर्कता से उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार वेलार निवासी प्रकाश कुमार पुत्र देवाराम देवासी तालाब किनारे खेल रहा था, तभी अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद पशुपालकों ने लाठी-डंडों से मगरमच्छ पर वार कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद सुमेरपुर रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
वेलार विकास संघ अध्यक्ष कान सिंह चौहान ने बताया कि घायल बच्चा गरीब परिवार से है और परिवार की इकलौती संतान है। उन्होंने वन विभाग और सिंचाई विभाग से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा तालाब में मौजूद मगरमच्छों को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की है।