24x7 कंट्रोल रूम एक्टिव, 2,549 भारतीय सुरक्षित निकाले गए
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर वैश्विक चिंता के बीच भारत सरकार पूरी तरह सतर्क मोड में है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए विशेष 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है, जहां अब तक हजारों कॉल और ईमेल प्राप्त हो चुके हैं।
भारत सरकार के मुताबिक अब तक 2,549 भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित निकाला जा चुका है, जिनमें अधिकतर लोगों को ज़मीनी रास्तों के जरिए बाहर लाया गया। भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास लगातार लोगों की मदद में जुटे हुए हैं।
हवाई यात्रा को लेकर भी राहत की खबर है। संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और ओमान में उड़ान सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं, जबकि कतर और ईरान का हवाई क्षेत्र फिलहाल आंशिक या सीमित रूप से खुला हुआ है।
वहीं समुद्री सुरक्षा को लेकर पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने बताया कि पिछले तीन दिनों में किसी भी भारतीय जहाज़ या नाविक के साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। अब तक 3,096 से अधिक भारतीय नाविकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है।
सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।