पटानचेरु बस स्टैंड के पास मैस में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, भीषण आग से मची अफरा-तफरी
रविवार सुबह पटानचेरु बस स्टैंड के पास स्थित श्री शिवा खानावली होटल (मैस) में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गैस लीकेज के बाद बिजली आते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे मैस में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा मैस जलकर राख हो गया।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि नीचे स्थित दुकानों तक आग नहीं पहुंची और बड़ा हादसा टल गया।
हादसे में जगदीश और शोभा नामक दो लोग हल्के रूप से घायल हुए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सुरक्षा को लेकर लापरवाही लगातार बड़े हादसों की वजह बन रही है। घटना के बाद एक बार फिर गैस सिलेंडर सुरक्षा और एहतियाती उपायों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।