logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बिजनौर अस्पताल में फायरिंग, पूर्व कर्मचारी हिरासत में: डॉक्टर से गाली-गलौज की, पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी

बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के मण्डावर रोड स्थित लाइफलाइन अस्पताल में देर रात फायरिंग की घटना हुई। एक व्यक्ति ने अस्पताल परिसर में गोली चलाई, हालांकि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को लाइसेंसी रिवाल्वर सहित हिरासत में ले लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह घटना रविवार रात करीब 11 बजे हुई। बताया जा रहा है की अस्पताल का पूर्व कर्मचारी सौरभ त्यागी तमंचा लेकर अस्पताल पहुंचा। उसने पहले मोबाइल पर चिकित्सक से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अस्पताल के बाहर फायरिंग भी की गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक सौरभ त्यागी को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में किसी मरीज को भर्ती कराने को लेकर चिकित्सक और युवक के बीच विवाद हुआ था। चिकित्सक की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।

इस मामले में सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि देर रात करीब 11 बजे सौरभ नामक व्यक्ति लाइफलाइन अस्पताल पहुंचा। वहां उसने डॉक्टर अशोक चाहल के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की, जिसके बाद फायरिंग की गई। पुलिस ने तत्काल सौरभ त्यागी को हिरासत में लेकर उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली है। डॉक्टर की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

0
0 views

Comment