पहाड़ी ब्लाक के शिक्षक दयानंद मिश्रा को मिला अंतरराष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति सम्मान
मिर्ज़ापुर (पड़री /पहाड़ी ) मिर्जापुर जनपद के पहाड़ी विकासखंड का नाम एक बार फिर गौरवान्वित हुआ, जब प्राथमिक विद्यालय सिद्धि के प्रधानाध्यापक दयानंद मिश्रा को उनकी उत्कृष्ट शैक्षिक एवं साहित्यिक प्रतिभा के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित किया गया।
सृजन अंतरराष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक समागम एवं पुस्तक लोकार्पण समारोह, लखनऊ में शिक्षा, साहित्य और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रदेश एवं देश के अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, साहित्यकारों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस भव्य आयोजन में नटवर गोयल, दिनेश कुमार सिंह, स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता, जयप्रकाश वर्मा, डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता तथा खुशबू वर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सतत संरक्षण हमारा प्रयास एवं काव्य किरण पुस्तकों का लोकार्पण किया गया। इन पुस्तकों में मिर्जापुर जिले के पहाड़ी विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय सिद्धि के प्रधानाध्यापक दयानंद मिश्रा के लेख भी प्रकाशित हुए, जिसने क्षेत्र का मान बढ़ाया।
कार्यक्रम में दयानंद मिश्रा को शिक्षा, साहित्य और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नटवर गोयल द्वारा अंतरराष्ट्रीय कला साहित्य संस्कृति सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष और गौरव का माहौल है।
दयानंद मिश्रा की यह उपलब्धि न केवल पहाड़ी विकासखंड बल्कि पूरे मिर्जापुर जनपद के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उनके सम्मानित होने से शिक्षा जगत में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।