महनार में सड़क हादसे रोकने को प्रशासन की गांधीगिरी, बिना हेलमेट वालों को दिया गया गुलाबमहनार/वैशाली। सड़क हादसों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और दुर्घटना
महनार में सड़क हादसे रोकने को प्रशासन की गांधीगिरी, बिना हेलमेट वालों को दिया गया गुलाब
महनार/वैशाली। सड़क हादसों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और दुर्घटनाओं में हो रही मानवीय क्षति को कम करने के उद्देश्य से वैशाली पुलिस प्रशासन ने एक अनोखी और सराहनीय पहल शुरू की है। ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर आम लोगों को जागरूक करने के लिए महनार प्रशासन ने गांधीगिरी का रास्ता अपनाया। रविवार को महनार एसडीएम और महनार एसडीपीओ पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरे और बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें गुलाब का फूल देकर ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की।
महनार अनुमंडल मुख्यालय के विभिन्न चौक-चौराहों पर चलाए गए इस विशेष जागरूकता अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है। अभियान के दौरान कई ऐसे लोग भी दिखे जो बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। उन्हें रोककर अधिकारियों ने पहले यातायात नियमों की जानकारी दी और फिर सम्मानपूर्वक गुलाब का फूल भेंट किया। प्रशासन के इस अलग अंदाज को देखकर लोग भी हैरान रह गए और कई वाहन चालकों ने भविष्य में हेलमेट पहनकर चलने का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। सोमवार को किसी भी वाहन चालक से जुर्माना नहीं लिया गया, लेकिन मंगलवार से बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों का चालान काटा जाएगा और नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा।
महनार एसडीपीओ और एसडीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा मौतें हेलमेट नहीं पहनने के कारण होती हैं। ऐसे में प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को दंड के भय से नहीं बल्कि जागरूकता के माध्यम से नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर निकलते समय ट्रैफिक नियमों का पालन जरूर करें, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
प्रशासन की इस पहल की इलाके में जमकर चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे सकारात्मक और समाजहित में उठाया गया कदम बताया है। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह जागरूकता अभियान लगातार चलाया जाए तो निश्चित रूप से सड़क हादसों में कमी आएगी। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन की इस गांधीगिरी का वाहन चालकों पर कितना असर पड़ता है और लोग ट्रैफिक नियमों के प्रति कितने सजग होते हैं।बहुत बहुत धन्यवाद एस डिम साहब विकास इंसाफ पार्टी महानार के पूर्व प्रतियासी रविरंजन सिंह