पिंडवाड़ा में हत्या के प्रयास के 4 फरार आरोपी गिरफ्तार, थाना टॉप-10 बदमाशों में थे शामिल
सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और तोड़फोड़ के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी थाना स्तर की टॉप-10 वांछित सूची में शामिल थे।
मामला 15 अप्रैल का है, जब आमली खारा फली निवासी 65 वर्षीय मंगलाराम गरासिया अपने घर में सो रहे थे। देर रात 10 से 12 लोग मोटरसाइकिलों पर हथियारों के साथ पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने मंगलाराम के साथ मारपीट की तथा घर और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। फ्रिज सहित अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद को लेकर हुई थी। वारदात के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई करते हुए बिजोला भागली निवासी चतराराम, शंकरलाल, दुर्गाराम और प्रकाश उर्फ पीनाराम को गिरफ्तार किया। कार्रवाई थानाधिकारी महेन्द्र कुमार सीरवी के नेतृत्व में की गई।