logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वंदन योजना से संवरेगा प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर, दो करोड़ से होंगे विकास

मिर्ज़ापुर ( सोनभद्र) : - नगर पालिका परिषद सोनभद्र (रॉबर्ट्सगंज) के सहिजन खुर्द वार्ड स्थित आस्था और पुरातात्विक महत्व के केंद्र प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर का अब भव्य रूप से विकास किया जाएगा। शासन ने वंदन योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर और पहुंच मार्ग के सुंदरीकरण के लिए करीब दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा। प्रशासन द्वारा करीब डेढ़ माह पूर्व पंचमुखी मंदिर परिसर की पैमाइश कर प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। योजना के तहत मंदिर तक पहुंचने के लिए दूसरी नई सड़क बनाई जाएगी, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़ी सीढ़ियों का भी निर्माण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं,नगर पालिका प्रशासन के अनुसार मंदिर तक जाने वाली मौजूदा सड़क के समानांतर एक और नई सड़क बनाई जाएगी। एक मार्ग से श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे, जबकि दूसरे मार्ग से वापस लौट सकेंगे। इससे भीड़ नियंत्रण और आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
इसके अलावा मंदिर परिसर में पथ प्रकाश व्यवस्था, चौड़ी सीढ़ियां, पीछे की ओर जाने वाले मार्ग का विकास तथा नीम के पेड़ के समीप स्थित रास्ते का सुंदरीकरण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए वाहन पार्किंग, बैठने हेतु बेंच और कुर्सियां लगाई जाएंगी। धूप और बारिश से बचाव के लिए टिनशेड भी बनाए जाएंगे।
धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का केंद्र,पंचमुखी पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पुरातात्विक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। मंदिर के आसपास स्थित गुफाओं और शैलाश्रयों में प्राचीन शैलचित्र मौजूद हैं, जिन्हें मानव सभ्यता की शुरुआती कलात्मक अभिव्यक्तियों में गिना जाता है।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी के दक्षिणी किनारे पर लगभग 16 शैलाश्रयों में प्राचीन चित्र उकेरे गए हैं। इनमें जानवरों के शिकार, नृत्य और प्राचीन जीवन शैली के दृश्य दर्शाए गए हैं। कई स्थानों पर प्राचीन लिपियां भी अंकित हैं। विशेषज्ञ इन शैलचित्रों को मध्यपाषाण काल से मध्यकालीन समय का मानते हैं। यही कारण है कि यह स्थल पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित घोषित किया गया है।
सावन और महाशिवरात्रि में उमड़ती है भीड़, पंचमुखी महादेव मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन सावन माह में यहां विशेष रूप से कांवरियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। महाशिवरात्रि और वसंत पंचमी पर यहां विशाल मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

मंदिर के मुख्य पुजारी लक्ष्मण दुबे और सौरभ दुबे समेत स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मंदिर के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया, नगर पालिका परिषद सोनभद्र के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया की पंचमुखी महादेव मंदिर को वंदन योजना के तहत विकसित किया जाएगा। इसके लिए शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही बजट जारी होने की उम्मीद है। बजट प्राप्त होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।

1
689 views

Comment