रामगढ़ में अचानक पहुंचे नगर निगम कमिश्नर, गली-गली पैदल घूमकर सुनीं समस्याएं
पंचकूला। गांव रामगढ़ में सोमवार को उस समय हलचल मच गई जब नगर निगम कमिश्नर विनय कुमार अचानक गांव के दौरे पर पहुंच गए। कमिश्नर ने गांव की गलियों में पैदल घूमकर लोगों की समस्याएं जानीं और मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान रामगढ़ सामाजिक कार्यकर्ता परिवार ने गांव की चार प्रमुख समस्याएं कमिश्नर के समक्ष रखीं। समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए। हालांकि सामाजिक कार्यकर्ताओं ने फिलहाल उन चार कार्यों का खुलासा नहीं किया। उनका कहना है कि कई बार कुछ लोग पहले पहुंचकर कार्यों में रुकावट डालने की कोशिश करते हैं, इसलिए काम शुरू होने के बाद ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी।
दौरे के दौरान मिश्र धर्मशाला की अधूरी दीवार का मामला भी उठाया गया। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि ठेकेदार द्वारा दीवार को बिना प्लास्टर और पेंट के छोड़ दिया गया था, जिससे लोगों में नाराजगी थी। इस पर कमिश्नर ने संबंधित ठेकेदार को तुरंत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम के इस अचानक निरीक्षण से गांव की लंबित समस्याओं का समाधान जल्द होगा।